सावन के प्रत्येक सोमवार को स्कूलों में रहेगा अवकाश, डीएम ने जारी किए आदेश
फतेहगंज पश्चिमी/बरेली। सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी बरेली ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार सावन माह के प्रत्येक सोमवार (श्रावण मास के समस्त सोमवार) को जिले के सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सावन के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों और शहर में कांवड़ियों की आवाजाही अधिक रहने से यातायात प्रभावित होता है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों के आवागमन में असुविधा होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बरेली महानगर के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्डों से संचालित शिक्षण संस्थानों, साथ ही दिल्ली रोड एवं बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में सावन माह के प्रत्येक सोमवार को विद्यार्थियों का अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति यथावत रहेगी। यदि किसी शिक्षण संस्थान, बोर्ड, विश्वविद्यालय अथवा आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित की जानी है, तो वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
जिलाधिकारी के इस आदेश का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।




