Welcome to Aarav Media Network   Click to listen highlighted text! Welcome to Aarav Media Network
ई -पेपर 📜उत्तर प्रदेशक्राइमटेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़दिल्ली NCRदुनियादेशधर्मफतेहगंज पश्चिमी बरेली उतर प्रदेशबरेली उत्तर प्रदेशयुवायूपीयूपी पुलिसराजनीतिराज्यलखनऊलोकल न्यूज़

प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में कार्रवाई अधर में, स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार

फतेहगंज पश्चिमी। क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत जांच रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, जिसके कारण आगे की कानूनी कार्रवाई लंबित है।

जानकारी के अनुसार, 7 जून को ठिरिया खेतल गांव निवासी 30 वर्षीय राजकुमारी को प्रसव के लिए न्यू लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बरेली पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। इसी बीच अस्पताल संचालक अस्पताल पर ताला लगाकर फरार हो गया।

मामले की जानकारी मिलने पर खिरका सीएचसी प्रभारी संचित शर्मा ने अस्पताल के बाहर चिकित्सा प्रतिबंध संबंधी नोटिस चस्पा कराया। इसके अगले दिन अस्पताल प्रबंधन को अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए दूसरा नोटिस भी जारी किया गया।

पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और पूरे प्रकरण की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र भेजकर अस्पताल से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मांगी। हालांकि घटना के एक सप्ताह बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई गई है।

खिरका सीएचसी प्रभारी संचित शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कराने के लिए एक एएनएम को पीड़ित परिवार के घर भी भेजा गया था, लेकिन पीड़ित पक्ष उनसे नहीं मिला। ऐसे में विभाग को यह महसूस हो रहा है कि परिवार की ओर से भी कार्रवाई को लेकर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।

वहीं अस्पताल संचालक को अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए संपर्क किया गया है। उसे सीएमओ कार्यालय में अपने सभी दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार को अस्पताल संचालक की पेशी हो सकती है, जिसके बाद जांच प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट मिलते ही मामले में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और उसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!