बिना लाइसेंस क्लीनिक चलाने वाला झोलाछाप गिरफ्तार, किशोरी की मौत के मामले में एक साल से था फरार

फतेहगंज पश्चिमी। करीब एक वर्ष पूर्व किशोरी की मौत के मामले में वांछित चल रहे झोलाछाप चिकित्सक को थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के आयुर्वेदिक क्लीनिक संचालित कर लोगों का इलाज करता था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2025 को नई बस्ती वार्ड-11 निवासी दिनेश पुत्र सोमपाल ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 17 वर्षीय बहन विनिता को पेट दर्द और बुखार की शिकायत होने पर मोहम्मद तसलीम पुत्र अब्दुल मजीद के पास इलाज के लिए ले जाया गया था। उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिस पर उसे बाईपास स्थित मुकुंद अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को उपनिरीक्षक आदेश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर भिटौरा फाटक से पहले आरोपी मोहम्मद तसलीम निवासी ग्राम आसपुर खेड़ा, थाना देवरनियां, जनपद बरेली को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लंबे समय से इस मुकदमे में वांछित चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वार्ड नंबर-7 में बिना किसी लाइसेंस के आयुर्वेदिक क्लीनिक संचालित करता था। उसने स्वीकार किया कि विनिता का प्रारंभिक उपचार उसी ने किया था। बाद में उसे पता चला कि किशोरी की मृत्यु हो गई और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विक्की सिंह तथा कांस्टेबल शिवा पुण्डीर शामिल रहे।




