कुरतरा में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, नायब तहसीलदार ने हटाने के दिए निर्देश

फतेहगंज पश्चिमी। गांव कुरतरा में ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने प्रधान समेत कई लोगों द्वारा खाद के गड्ढों की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के निर्देश लेखपाल को दिए हैं।
जानकारी के अनुसार गांव कुरतरा के गाटा संख्या 244 में खाद के गड्ढों की सरकारी जमीन पर प्रधान सगीर हुसैन समेत करीब दर्जनभर लोगों ने अवैध कब्जा करके निर्माण कर लिया था। ग्रामीण डालचंद दिवाकर, चोखे लाल, जयदेव गंगवार, नंदराम गंगवार आदि ने उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला को शिकायती पत्र देकर सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की मांग की थी।
एसडीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार शाम करीब 5 बजे नायब तहसीलदार अरविंद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सिमरन मथानिया और लेखपाल हरीश गंगवार मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना करने पर प्रधान सगीर हुसैन समेत कई लोगों का खाद के गड्ढों की जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया।
नायब तहसीलदार अरविंद कुमार सिंह ने लेखपाल को तुरंत अवैध कब्जा हटाकर कब्जादारों के खिलाफ कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद लेखपाल हरीश गंगवार ने प्रधान समेत सभी कब्जादारों को शुक्रवार तक कब्जा स्वयं हटाने का नोटिस जारी किया है। नायब तहसीलदार सिमरन मथानिया ने बताया कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर उसे मुक्त कराया जाएगा।




