‘गौ सम्मान यात्रा’ निकली, गोवंश संरक्षण और राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग।

बरेली। सोमवार को बरेली में गोवंश संरक्षण और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर ‘गौ सम्मान यात्रा’ निकाली गई। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के बैनर तले आयोजित इस रैली में सैकड़ों गोभक्तों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम बरेली को सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून लागू करने की मांग की गई।
नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है, जहां गौ माता आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने चिंता जताई कि देशी गोवंश की संख्या लगातार घट रही है और यह विलुप्ति की कगार पर पहुंच रहा है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि देशी गाय को राष्ट्रमाता या राष्ट्र आराध्या का दर्जा दिया जाए तथा उत्तर प्रदेश में इसे राज्य माता घोषित किया जाए। इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 48 में संशोधन कर केंद्रीय स्तर पर गौ सेवा एवं संरक्षण कानून लागू करने की अपील की गई।
संगठनों ने ज्ञापन में कई सुझाव भी दिए। इनमें हर ग्राम पंचायत में नंदीशाला, प्रत्येक जिले में आदर्श गौशाला का निर्माण, राजमार्गों पर गौ एंबुलेंस और गौ ट्रामा सेंटर की व्यवस्था तथा स्कूलों के पाठ्यक्रम में गौ विज्ञान विषय शामिल करना प्रमुख है। साथ ही प्राकृतिक खेती और पंचगव्य आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने जोर देकर कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है और सरकार को अब निर्णायक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान महानगर मंत्री = श्री संजय शुक्ला,
बरेली विभाग मंत्री- श्री देवेंद्र सोम जी
महानगर संयोजक – श्री केवड़ानंद गौड़ जी
महानगर सह संयोजक – निखिल गंगवार जी
महानगर सुरक्षा प्रमुख – आर्यन खटीक जी
महानगर गौ रक्षा प्रमुख- आशीष शर्मा जी, हिमांशु पटेल,निर्दोष राठौर ,शिवा कश्यप,गौतम कश्यप,शिवम ठाकुर ,अक्षिता गंगवार,अभिषेक मौर्या सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



