फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोन कराने के मामले में जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार

फतेहगंज पश्चिमी। बाराबंकी पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से फर्जी आधार कार्ड बनाकर ऑनलाइन लोन कराने के मामले में जनसेवा केंद्र संचालक सोमेश युद्धवंशी को हिरासत में लिया है। शुक्रवार को बाराबंकी पुलिस टीम के प्रभारी सुब्बा सिंह चौहान फतेहगंज पश्चिमी पहुंचे और कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस की मदद से सोमेश को अपने साथ ले गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति के नाम से एआई तकनीक के माध्यम से फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया। इसके बाद आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराया गया और उसी दिन बैंक खाता खुलवाकर ऑनलाइन लोन स्वीकृत करा लिया गया। इतना ही नहीं, जिस दिन मोबाइल नंबर अपडेट हुआ उसी दिन लोन की रकम भी खाते से निकाल ली गई। बताया जा रहा है कि करीब 35 हजार रुपये और 16 हजार रुपये के दो लोन लिए गए थे।
हिरासत में लिए गए सोमेश युद्धवंशी के परिजनों का कहना है कि यह पूरा काम उसके दोस्त निवासी बसुधरन थाना देवरनियां ने किया था। जब पुलिस सोमेश को लेकर उसके घर पहुंची तो वह फरार हो गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम जनसेवा केंद्र से लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी अपने साथ ले गई। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर साइबर फ्रॉड और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



