कवि सम्मेलन ‘काव्य तरंग–2026’ में गूंजे शब्दों के सुर, कवियों ने बांधा समां

बरेली फतेहगंज पश्चिमी स्थित उड़ान ग्लोबल स्कूल में स्व. श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा जी की पुण्य स्मृति में डायरेक्टर सुधांशु शर्मा के निर्देशन में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ‘काव्य तरंग–2026’ शनिवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए ख्यातिप्राप्त कवियों ने अपनी सशक्त एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान से किया गया, जिसके बाद काव्य प्रस्तुति का दौर शुरू हुआ। मंच पर हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और वीर रस की कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को साहित्यिक रंग में रंग दिया। कवियों की ओजपूर्ण व प्रभावशाली रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं और बार-बार वाहवाही कर उत्साह बढ़ाया।
कवि सम्मेलन में हिमांशु श्रोत्रिय “निष्पक्ष” ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं को प्रभावित किया, वहीं निर्मल सक्सेना और जीतेश राज नक्श ने हास्य-व्यंग्य से भरपूर कविताओं से लोगों को खूब गुदगुदाया। उमेश त्रिपुणायत “अद्भुत” और विकास आर्य की रचनाओं ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। रिजवान फरीदी, सुल्तान जहां पूरनपुरी और कुलदीप कल्प ने शायरी के माध्यम से महफिल में अलग ही रंग घोला। नेहा मिश्रा की श्रृंगार रस से सराबोर प्रस्तुति को श्रोताओं ने विशेष सराहना दी, जबकि अभिषेक अग्निहोत्री और डॉ. सत्यवीर सिंह की प्रभावशाली कविताओं ने कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की।
इस अवसर पर स्व. श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा जी की स्मृति में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभागियों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन उड़ान ग्लोबल स्कूल के डायरेक्टर सुधांशु शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, आमंत्रित कवियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।


