सावन के दूसरे सोमवार को खिरका कांवरिया शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा परिसर

फतेहगंज पश्चिमी। सावन के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध खिरका कांवरिया शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और आसपास लगे मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में तैनात रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार नजर बनाए रखी।
पुलिस टीम ने मंदिर परिसर के साथ-साथ मेले में भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली, ताकि किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो। इसी बीच, हनुमंत सनातन ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।
यहां पहुंचने वाले कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया गया। ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया। वहीं, सभासद धर्मेंद्र ठाकुर ने श्रद्धालुओं को आइसक्रीम का वितरण किया। इस मौके पर प्रेम कोरी राजेश श्रीवास्तव गौरव श्रीवास्तव मुकुल राहुल श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण शिवमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया, पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।




