छत के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर ले उड़े

फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव टियुलिया में कांवड़ लेने गए एक परिवार के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी चोरी कर ले गए।
पीड़ित पप्पू ने बताया कि वह 6 अगस्त को परिवार के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने घर की छत के रास्ते प्रवेश किया। कमरे का ताला तोड़ने के बाद अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवर निकाल लिए।

चोरी में सोने की 1 अंगूठी, 1 जोड़ी झाले, वेसर, 1 ओम, 2 मंगलसूत्र और एक गुल्लक जिसमें नकद रुपये रखे थे, चोर ले गए। कुल नुकसान लाखों में बताया जा रहा है।
घर लौटने पर चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने फतेहगंज पश्चिमी थाने में तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
ग्रामीणों में चोरी की घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



