मामूली कहासुनी बनी खूनी संघर्ष का कारण, घर में घुसकर दो सगे भाइयों को पीटा; पांच नामजद

फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पांच लोगों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव केशोपुर निवासी नन्ने खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को उनके बेटे शाकिर खां और जाकिर खां की खेत पर गांव के ही नाजिम खां, आरिफ खां, आजम खां, हसन खां और इरशाद खां से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी विवाद से नाराज होकर देर शाम सभी आरोपी उनके घर में घुस आए और शाकिर व जाकिर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पिता नन्ने खां की शिकायत पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि घायल भाइयों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

