धनेटा फाटक पर भीषण हादसा: ट्रक ने खड़ी ईको कार व घोड़ा बग्गी को मारी टक्कर, कई घायल

फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना क्षेत्र के धनेटा फाटक, शीशगढ़ रोड पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेलवे फाटक बंद होने के कारण खड़ी एक ईको कार और घोड़ा बग्गी को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 अप्रैल 2026 को रात्रि करीब 2:00 बजे ट्रक संख्या UK18 CA 9888 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए फाटक बंद होने के कारण खड़ी ईको कार (संख्या UP25 DD 9709) और एक घोड़ा बग्गी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घोड़ा बग्गी चालक मोबिन शाह (35 वर्ष) पुत्र खलील शाह, निवासी सोरहा थाना फतेहगंज पश्चिमी सहित अंकित (14 वर्ष), विनोद (35 वर्ष), कमलेश (12 वर्ष) व लवकुश (22 वर्ष) निवासीगण चकरपुर थाना भमौरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि ईको कार सवार ग्राम चनेटा, फतेहगंज पश्चिमी से एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे और रेलवे फाटक बंद होने के कारण वहां रुके हुए थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए राजश्री अस्पताल और नवोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।




