भिटौरा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के विस्तार की मांग तेज

फतेहगंज पश्चिमी: – फतेहगंज पश्चिमी के भिटौरा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव एवं बरेली से मुरादाबाद तक ट्रेनों के विस्तार के लिए व्यापार मंडल ने सांसद छत्रपाल समेत रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन भाजपा के केंद्रीय नेताओं को दिल्ली जाकर सौंपा।
बरेली जंक्शन से मुरादाबाद तक तीन ट्रेनों के विस्तार समेत भिटौरा पर चार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मांग पत्र सौंपा।

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली जाकर केंद्रीय भाजपा कार्यालय पर सुनवाई कर रहे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल एवं राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वर भाई पटेल को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित ज्ञापन देते हुए विधानसभा चुनाव से पूर्व ट्रेनों के विस्तार एवं ठहराव को आवश्यक बताते हुए भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने शीर्ष भाजपा नेतृत्व के संज्ञान में लाते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला बरेली की नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी के भिटौरा रेलवे स्टेशन पर मात्र एक एक्सप्रेस ट्रेन इंटर सिटी दिल्ली रोहतक एक्सप्रेस का स्टॉपेज है। फतेहगंज पश्चिमी नगर की आबादी लगभग पचास हजार से ज्यादा है एवं इसके समीप नगर पंचायत शाही,शीशगढ़, शेरगढ़, के अलावा सौ से ज्यादा गांव ऐसे हैं जिसके संपर्क मार्ग पर रेल मार्ग नहीं है। सभी के रेल गंतव्य का एक मात्र रेलवे स्टेशन भिटौरा है। जिसके कारण स्थानीय एवं आस पास के लगभग डेढ़ लाख से अधिक लोगों को केंद्र सरकार की रेल सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। भिटौरा रेलवे स्टेशन से संदर्भित आम जनमानस को भिटौरा (BTO) फतेहगंज पश्चिमी व आसपास पास की तीन नगर पंचायतों समेत सौ गांवों के लोगों को दिल्ली, लखनऊ, अयोध्या, हरिद्वार जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आने जाने की सुविधा हेतु निम्न ट्रेनों का स्टापेज किया जाना आवश्यक है।
1- गंगा सतलुज एक्सप्रेस 13307-13308 का स्टॉपेज भिटौरा रेलवे स्टेशन।
2-अयोध्या एक्सप्रेस 14205-14206 का स्टॉपेज भिटौरा रेलवे स्टेशन।
3- हावड़ा मेल 13005-13006 का स्टॉपेज भिटौरा रेलवे स्टेशन।
4- लखनऊ मेल 12229-12230 का स्टॉपेज भिटौरा रेलवे स्टेशन।
5- बरेली रोजा मेमू 64175-64176 का मुरादाबाद तक विस्तार।
6- कासगंज पैसेंजर 55327-55328 का मुरादाबाद तक विस्तार।
7- मुरादाबाद दिल्ली पेसेंजर 54307- 54308 का बरेली तक विस्तार।
उपरोक्त अनुरोधों के दृष्टिगत जनहित में उपरोक्त ट्रेनों के ठहराव एवं विस्तार से लाखों लोग रेल यात्रा से लाभान्वित होंगे।
उपरोक्त माँग के संबंध में फतेहगंज पश्चिमी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास उद्यमशीलता मंत्री श्री कपिल देव अग्रवाल जी ने भी दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को माननीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव जी को भी पत्र भेजकर जनहित में स्वीकृति प्रदान करने की अपील की थी। मांगपत्र की एक प्रति बरेली लोकसभा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार को भी प्रेषित की गई। इस दौरान व्यापार मंडल के गौतम गोयल,सुबोध पोरवाल, दीपक गोयल, राहुल सिंह,रोहित सिंह,शीलू सिंह,हिमांशु अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, जगत सिंह सनी, राजेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।




